अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पश्चिम एशिया दौरे का समापन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी में किया। अपने दौरे के आखिरी दिन ट्रंप ने एक कारोबारी सम्मेलन में हिस्सा लिया और उसके बाद एक विशेष धार्मिक स्थल – अब्राहमिक फैमिली हाउस का दौरा किया। यह धार्मिक स्थल एकता और सहिष्णुता का प्रतीक है, जहां एक साथ एक मस्जिद, एक चर्च और एक सिनेगॉग (यहूदी उपासना स्थल) मौजूद हैं। इसे ‘अब्राहम अकॉर्ड्स’ के तहत बनाया गया था, जो एक ऐतिहासिक समझौता है। इसके तहत यूएई और कुछ अन्य अरब देशों ने इस्राइल को आधिकारिक रूप से मान्यता दी थी। यह तीन प्रमुख धर्मों — इस्लाम, ईसाई धर्म और यहूदी धर्म — को जोड़ने वाला एक प्रतीक स्थल है। अमेरिकी राष्टपति डोनाल्ड ट्रंप ने अबू धाबी में शुक्रवार सुबह एक व्यापारिक बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में उन्होंने यूएई के व्यापार जगत के प्रमुख लोगों से मुलाकात की। इस दौरान व्यापार और निवेश से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
वहीं ट्रंप की मौजूदगी के दौरान अबू धाबी की सरकारी एयरलाइन एतिहाद एयरवेज ने घोषणा की कि वह 28 बोइंग विमान खरीदेगी। इनमें बोइंग 787 और 777X मॉडल के विमान शामिल हैं। यह सभी विमान जीई इंजन से लैस होंगे और इनके साथ एक सेवाओं से जुड़ा पैकेज भी मिलेगा। हालांकि बोइंग कंपनी की ओर से अभी तक इस सौदे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस सौदे को अमेरिका और यूएई के बीच बढ़ते व्यापारिक संबंधों का संकेत माना जा रहा है। ट्रंप इससे पहले सऊदी अरब और कतर भी गए थे, जहां कतर ने अपनी एयरलाइन कतर एयरवेज के लिए बोइंग विमानों का एक बड़ा ऑर्डर दिया। डोनाल्ड ट्रंप के इस दौरे के दौरान वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी में हिंसा की घटनाएं भी हुईं। गाजा में 120 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। हालांकि ट्रंप की ओर से इस पर कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं आई। ट्रंप का यह दौरा मध्य पूर्व में अमेरिका के पुराने संबंधों को मजबूत करने और व्यापार को बढ़ावा देने की एक कोशिश माना जा रहा है।





