Top 5 This Week

Related Posts

जेसीबी का पीला पंजा चला तो टूटा अतिक्रमण का तिलिस्म

तीनपानी से काठगोदाम तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई तेज, 25 से 30 ढांचों से हटाया अतिक्रमण; आज दोपहर तीन बजे के बाद फिर चलेगा प्रशासन का डंडा

हल्द्वानी। महीनों की मोहलत, नोटिस और चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर आखिरकार प्रशासन का बुलडोजर चल गया। सड़क चौड़ीकरण की राह में बाधा बने अतिक्रमण पर गुरुवार को जेसीबी का पीला पंजा चला तो हड़कंप मच गया। तीनपानी से नरीमन चौराहे होते हुए काठगोदाम तक सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत प्रशासन और यूयूएसडीए की संयुक्त टीम ने करीब 25 से 30 ढांचों से अतिक्रमण हटाया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब और मोहलत नहीं मिलेगी।

आठ-नौ महीने पहले दिए नोटिस, फिर भी नहीं हटे कब्जे

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के मुताबिक, नैनीताल-बरेली मार्ग शहर का प्रमुख रास्ता है। इस मार्ग पर वाहनों का भारी दबाव रहता है और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सड़क चौड़ीकरण जरूरी है। अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित लोगों को आठ से नौ महीने पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे। बरसात और दशहरे के त्योहार को देखते हुए अतिरिक्त समय भी दिया गया, लेकिन समयसीमा बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए गए। आखिरकार प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क के शेष हिस्से से भी अतिक्रमण हटाया जाएगा। शुक्रवार को दोपहर तीन बजे के बाद यदि संबंधित लोगों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, तहसीलदार कुलदीप पांडे, यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक गुरप्रीत देओल सहित प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौजूद रही।

चौड़ी सड़क से जाम पर लगेगी लगाम?

नैनीताल-बरेली मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण पूरा होने से यातायात का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। अब देखना यह है कि अभियान कितनी तेजी से आगे बढ़ता है और शहरवासियों को इस व्यस्त मार्ग पर जाम से कब तक निजात मिलती है।

Popular Articles