सीरिया में 24 साल लंबे बशर अल-असद शासन का अंत हो गया है। हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएस) के कमांडर अबु मोहम्मद अल-जुलानी के नेतृत्व में विद्रोहियों ने रविवार को राजधानी दमिश्क पर भी कब्जा कर लिया। राष्ट्रपति बशर देश छोड़कर भाग गए हैं। बशर अल-असद अपने परिवार के साथ रूस की राजधानी मॉस्को पहुंच गए हैं। दमिश्क पर कब्जे के करीब एक घंटे बाद सरकारी टीवी पर विद्रोहियों के समूह का बयान प्रसारित किया गया, जिसमें कहा गया कि राष्ट्रपति बशर को सत्ता से उखाड़ फेंका गया है और जेल से कैदियों को रिहा कर दिया गया है। अनस सलखादी नामक विद्रोही कमांडर ने सरकारी टीवी पर अल्पसंख्यकों को भरोसा दिया कि किसी से भेदभाव नहीं किया जाएगा। उसने कहा, सीरिया सभी के लिए है, कोई अपवाद नहीं। हम लोगों के साथ वैसा व्यवहार नहीं करेंगे जैसा असद परिवार ने किया।रूसी राष्ट्रपति भवन- क्रेमलिन से जुड़े सूत्रों ने बताया कि अपदस्थ सीरियाई राष्ट्रपति बशर असद रविवार देर रात मॉस्को पहुंचे। संकटग्रस्त देश सीरिया के राष्ट्रपति से जुड़े घटनाक्रम के बारे में रूसी मीडिया ने बताया कि असद और उनके परिवार को मॉस्को में शरण दी गई है। रूसी एजेंसियों- टैस और आरआईए ने क्रेमलिन के सूत्रों के हवाले से यह दावा किया है। संकट के बीच राष्ट्रपति बशर अल-असद को अपदस्थ करने के बाद सीरियाई विद्रोहियों के समर्थकों ने रविवार को इटली, रूस, स्पेन, स्वीडन, इंडनेशिया, यूनान और हंगरी स्थित सीरियाई दूतावासों में घुस कर झंडे भी फहराए। इस दौरान जश्न मानने वाले समर्थकों ने कहा, असद की तानाशाही से लोगों को आखिरकार आजादी मिल ही गई।इसी के साथ असद का 24 साल लंबा शासन खत्म हो गया है। बता दें कि असद का परिवार बीते पांच दशक से सत्ता में था। देश पर कब्जे के बाद विद्रोहियों ने राजधानी में कर्फ्यू लगाने की घोषणा की। देश की सबसे बड़ी जेल से कैदियों को भी रिहा किया गया। अराजक माहौल के बीच देश के राष्ट्रपति भवन पर धावा बोलने, तोड़फोड़, लूटपाट की खबर भी सामने आई। तोड़फोड़ और आगजनी के दौरान असद परिवार के सदस्यों के फोटो नष्ट कर दिए। लोगों ने फर्नीचर और आभूषण भी लूट लिए। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए। रक्षा मंत्रालय की इमारत में भी लोगों ने तोड़फोड़ की। सरकारी इमारतों की सुरक्षा में तैनात सैनिक कहीं नहीं दिखे। बिना खून खराबे के हुए तख्ता पलट के बाद दमिश्क व अन्य शहरों की सड़कों पर जुटे लोग जश्न मनाते दिखे।





