केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। बता दें, मुइज्जू, हसीना और विक्रमसिंघे भारत के पड़ोस और हिंद महासागर क्षेत्र के उन सात नेताओं में शामिल थे, जो रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, ‘आज नई दिल्ली में मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू से मुलाकात करते हुए प्रसन्नता हो रही है। भारत और मालदीव के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हूं।’ जयशंकर मोदी के पिछले मंत्रिमंडल में विदेश मंत्री थे। उन्होंने रविवार को केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। पिछले साल 17 नवंबर को द्वीप राष्ट्र के राष्ट्रपति बनने के बाद मुइज्जू की यह पहली भारत यात्रा थी। चीन समर्थक झुकाव के लिए जाने जाने वाले मुइज्जू के राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद से भारत और मालदीव के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं। राष्ट्रपति बनते ही उन्होंने अपने देश से भारतीय सैन्य कर्मियों को वापस जाने को कह दिया था।





