Wednesday, December 24, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

घटती जन्म दर से परेशान जापान का बड़ा फैसला

आपको जानकर हैरानी होगी कि तेजी से बढ़ती आबादी के बावजूद दुनिया के कई ऐसे देश हैं, जहां जन्मदर घटती जा रही है। ऐसे में इन देशों की सरकार ज्यादा बच्चे पैदा करने पर जोर दे रही है। इसके लिए नए-नए पैतरे आजमाए जा रहे हैं। अब जापान में टोक्यो प्रशासन देश की घटती जन्म दर से निपटने के लिए एक कदम उठाने जा रहा है। यहां सरकार जल्द ही एक डेटिंग एप लॉन्च करने वाली है। इस कदम की स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने तारीफ की है। उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जा रहा है। एक्स के मालिक मस्क हमेशा ही लोगों से ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए आग्रह करते हैं। उनके खुद के 11 बच्चे हैं। साल 2021 में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि अगर लोग अधिक बच्चे पैदा नहीं करेंगे तो सभ्यता खत्म हो जाएगी। उस समय उनके छह बच्चे थे। टोक्यो राष्ट्रीय जन्म दर को बढ़ावा देने के लिए इस गर्मी की शुरुआत में अपना खुद का डेटिंग एप लॉन्च करेगा। इसकी जानकारी एक अधिकारी ने मंगलवार को दी। उन्होंने बताया कि उपयोगकर्ताओं को यह साबित करने के लिए दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता होगी कि वे कानूनी रूप से सिंगल हैं। एक पत्र पर हस्ताक्षर भी करना होगा, जिसमें लिखा होगा कि वह शादी करने के लिए तैयार हैं। जबकि नागरिकों के लिए जापानी डेटिंग एप्स पर अपनी आय बताना अनिवार्य होगा। लोगों को अपना वार्षिक वेतन साबित करने के लिए कर प्रमाणपत्र भी जमा कराना होगा। वैसे किसी सरकार द्वारा डेटिंग एप्स तैयार करना खुद में ही खास बात है। टोक्यो प्रशासन ने कथित तौर पर एप्स और अन्य परियोजनाओं के माध्यम से विवाह को बढ़ावा देने के लिए अपने 2023 के बजट में 20 करोड़ येन और अपने 2024 के वित्तीय बजट के लिए 30 करोड़ येन आवंटित किए हैं।

Popular Articles