फेसबुक से शुरू हुई बातचीत, निवेश के नाम पर खाते में ट्रांसफर कराई रकम; साइबर सेल ने धनराशि होल्ड कराई
हल्द्वानी। फेसबुक पर निवेश का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठग ने खुद को एक कंपनी का संचालक बताते हुए गोल्ड में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया और महिला से 8,86,910 रुपये एक खाते में ट्रांसफर करा लिए। बाद में आरोपी का मोबाइल बंद हो गया। साइबर सेल की जांच में रकम कई खातों से होते हुए एक गोल्ड कंपनी के खाते तक पहुंचने की जानकारी सामने आई। फिलहाल पीड़िता की रकम होल्ड कराई गई है और उसने थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
गिरजा विहार कॉलोनी निवासी मोनिका पत्नी सचिन पांडे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 सितंबर 2025 को फेसबुक पर एक अंजान व्यक्ति ने उससे संपर्क किया। उसने खुद को नीरज कुमार बताते हुए रामकृष्ण ट्रांसमिशन एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, मुजफ्फरपुर बिहार से जुड़ा बताया। आरोपी ने निवेश योजना में रकम लगाने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया।
महिला के अनुसार आरोपी की बातों में आकर उसने 29 सितंबर को अपने बैंक खाते से एनईएफटी के जरिए लाखों रुपये रामकृष्ण ट्रांसमिशन एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में ट्रांसफर कर दिए। रकम भेजने के बाद जब उसने निवेश के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी ने बताया कि रकम आगे उसके साथी मुस्कान स्पिनर के खाते में भेजी जाएगी और गोल्ड में निवेश किया जाएगा।
अगले दिन आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल बंद मिला। कई बार प्रयास के बाद भी संपर्क नहीं हुआ तो महिला को ठगी का शक हुआ। उसने दो अक्टूबर 2025 को साइबर सेल हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई।
खातों की कड़ियां खुलीं तो सामने आया गोल्ड निवेश का खेल
साइबर सेल की जांच में सामने आया कि नीरज कुमार के खाते से उसी दिन मुस्कान स्पिनर के एचडीएफसी बैंक खाते में 4.50 लाख और 4.80 लाख रुपये की दो रकम ट्रांसफर हुईं। इसके बाद मुस्कान स्पिनर के खाते से 9.25 लाख रुपये मानिक ज्वैलर्स के खाते में भेजे गए। तहरीर के मुताबिक इस रकम में पीड़िता के 8,86,910 रुपये भी शामिल थे। इसके बाद मानिक ज्वैलर्स के खाते से रकम एसपीएन गोल्ड एंड प्रेशियस मेटल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खाते में ट्रांसफर की गई।
साइबर सेल नैनीताल और साइबर सेल चंपावत के विशेषज्ञों से चर्चा के बाद पीड़िता की 8,86,910 रुपये की रकम को 5 मार्च 2026 को शिकायत एक्नॉलिजमेंट के जरिए होल्ड कराया गया। पीड़िता के मुताबिक उसे न्यायालय से रकम रिलीज कराने की प्रक्रिया अपनाने की सलाह भी दी गई है। अब उसने थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और होल्ड धनराशि को मुक्त कराने में मदद की मांग की है।
फेसबुक से संपर्क, फिर व्हाट्सएप पर जाल
पीड़िता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि आरोपी खुद को नीरज कुमार बताकर उसने निवेश के नाम पर भरोसा कायम किया और इसके बाद रकम ट्रांसफर कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि गोल्ड में निवेश के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाला संगठित गिरोह सक्रिय है।





