Monday, February 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गाड़ी हटाने को लेकर कांवड़ियों और पुलिस की नोकझोंक

हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के अंतिम दिन देर रात बवाल हो गया। कांवड़ यात्रियों की पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान कांवड़ियों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें चौकी प्रभारी अशोक रावत को गंभीर चोट आई है। घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल भेजा गया है।  वहीं, पुल पर कावड़ियों की भारी भीड़ और वाहनों का दबाव बना है। बृहस्पतिवार को कांवड़ मेले का आखिरी दिन था और शुक्रवार को शिवालयों में जलाभिषेक किया जाएगा। आखिरी दिन पूरी रात डाक कांवड़ यात्री हरिद्वार से जलभर बाइकों और बड़े वाहनों से दौड़ते रहे। इस बार मेले में चार करोड़ चार लाख 40 हजार कांवड़ यात्री पहुंचे हैं। प्रशासन ने बृहस्पतिवार की शाम छह बजे तक का ये आंकड़ा जारी किया है। पिछले साल चार करोड़ सात लाख कांवड़ यात्री हरिद्वार पहुंचे थे।

22 जुलाई से कांवड़ मेले का आगाज हुआ था। आज शुक्रवार को जलाभिषेक होगा। बृहस्पतिवार की शाम तक छह बजे धर्मनगरी में 77 लाख कांवड़ यात्रियों ने गंगाजल भरा और अपने गंतव्य की तरफ रवाना हो गए। इस बार डाक कांवड़ यात्रियों का हुजूम अंतिम दिन ही उमड़ा। इससे पहले पैदल कांवड़ यात्री रवाना होते रहे। बृहस्पतिवार की रात से आसपास के जनपदों के यात्री गंगाजल भरकर रवाना होते रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि कांवड़ मेले में अब तक 4 करोड़ 4 लाख, 40 हजार कांवड़ी यात्री पहुंचे हैं। कांवड़ियों के तीन लाख 38 हजार 277 छोटे-बड़े वाहन गुरुवार को पहुंचे हैं। छह कांवड़ियों को डूबने से बचाया गया है जबकि तीन की मौत हुई है।

Popular Articles