Top 5 This Week

Related Posts

गर्दन का दर्द ठीक कराने गई महिला की मौत, पहलवान के पास बिगड़ी हालत

कालाढूंगी रोड पर इलाज के दौरान बेहोश हुई महिला, बेस अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

हल्द्वानी। गर्दन का दर्द दूर कराने के लिए पहलवान के पास पहुंची एक महिला की अचानक हालत बिगड़ने और बाद में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। कालाढूंगी रोड स्थित नईम पहलवान के यहां गर्दन का इलाज कराने पहुंची महिला कथित तौर पर उपचार के दौरान बेहोश हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान मिनाशी पत्नी रामचरण, निवासी ईको टाउन, रामपुर रोड के रूप में हुई है। बताया गया कि महिला गर्दन में दर्द की शिकायत के बाद इलाज के लिए नईम पहलवान के पास गई थी। वहां गर्दन का उपचार किए जाने के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।

इसके बाद महिला को उपचार के लिए बेस चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट और जांच में यदि इलाज के दौरान लापरवाही या अन्य तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित पहलवान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles