Top 5 This Week

Related Posts

केदारनाथ धाम के लिए आज से हेली सेवा शुरू, खराब मौसम में नहीं मिलेगी उड़ान की अनुमति

देहरादून। तीन माह के इंतजार के बाद श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। केदारनाथ धाम के लिए सोमवार से हेलिकॉप्टर सेवा फिर से शुरू हो गई है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि मौसम खराब हुआ तो हेलिकॉप्टरों को उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी।

डीजीसीए ने की सघन जांच
हेली सेवा शुरू करने से पहले नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की टीम उत्तराखंड पहुंची। टीम ने गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड पर सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। साथ ही हेली कंपनियों की ओर से तैनात पायलटों और तकनीकी स्टाफ की तैयारियों का भी निरीक्षण किया।

छह कंपनियां, सात हेलिकॉप्टर तैयार
हेली सेवा संचालन के लिए छह कंपनियों के सात हेलिकॉप्टर गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड पर तैनात किए गए हैं। इन कंपनियों की ट्रायल उड़ान सफल रही है। यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आशीष चौहान ने बताया कि “केदारनाथ हेली सेवा संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी हैं। डीजीसीए की टीम के साथ बैठक भी सकारात्मक रही। अब केवल मौसम पर निर्भर करेगा कि उड़ानें तय समय पर होंगी या नहीं।”

निगरानी रहेगी सख्त
यूकाडा ने साफ किया है कि हेली कंपनियों की प्रत्येक शटल पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि होगी और किसी भी परिस्थिति में मौसम खराब होने पर हेलिकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी।

श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
तीन माह के लंबे अंतराल के बाद सेवा बहाल होने से उन श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी जो लंबी पदयात्रा करने में असमर्थ हैं। हेली सेवा के सुचारू संचालन से धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है।

Popular Articles