Tuesday, February 10, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

केदारनाथ और यमुनोत्री धाम की राह होगी आसान

केदारनाथ और यमुनोत्री धाम पहुंचने की राह और आसान होगी। केदारनाथ धाम मार्ग के अगस्त्यमुनि से फाटा तक और यमुनोत्री मार्ग पर पालीगाड से जानकीचट्टी मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने के लिए सुप्रीम कोर्ट की हाई पॉवर कमेटी ने अनुमति प्रदान कर दी है। वर्तमान में दोनों स्थानों पर मार्ग सिंगल लेन है जो डबल लेन हो सकेगा। जिससे यातायात और सुगम हो सकेगा।चारधाम यात्रा मार्ग को बीते सालों में बेहतर किया गया है। लेकिन केदारनाथ धाम में अगस्त्यमुनि से फाटा कुंड बाइपास तक 13 किमी सड़क सिंगल लेन है, इसके कारण कई बार वाहनों का आवागमन प्रभावित होता रहा है। इसी तरह यमुनोत्री धाम मार्ग पर करीब 23 किमी पालीगाड से जानकी चट्टी तक का मार्ग भी सिंगल लेन है। अब इन दोनों मार्गों को चौड़ा करने की राह आसान हो गई है। एनएच के अधिकारियों के अनुसार पहाड़ के कटान पर करीब पांच साल पहले रोक लग गई थी। तब से मामला रुका हुआ था। अब हाई पॉवर कमेटी ने मार्ग को चौड़ा करने की अनुमति दे दी है।

एनएच के अधिकारियों के अनुसार मार्ग की चौड़ाई सात मीटर तक बढ़ सकेगी। इसके अलावा पटरी भी बनेगी। इससे करीब चौड़ाई 10 मीटर तक हो सकेगी। इससे आवागमन आसान हो सकेगा। लोनिवि के प्रमुख अभियंता दीपक यादव व एनएच के मुख्य अभियंता दयानंद कहते हैं कमेटी से अनुमति मिल गई है। अब आगे की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार योजना के लिए डीपीआर को तैयार करना होगा।

Popular Articles