करीब 14 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत,जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
रूद्रपुर । शहर के लोगों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण परियोजना को आखिरकार शासन की मंजूरी मिल गई है। शासन ने लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित चौड़ीकरण योजना का शासनादेश जारी कर दिया है। इसके साथ ही परियोजना के लिए 10 प्रतिशत धनराशि भी जारी कर दी गई है। शासनादेश जारी होने के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने और निर्माण कार्य धरातल पर उतरने की उम्मीद है। पत्रकार वार्ता में महापौर विकास शर्मा ने कहा कि काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण रूद्रपुर की प्रमुख जन अपेक्षाओं में शामिल रहा है। इसके लिए लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जो अब सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और सकारात्मक सहयोग से यह बहुप्रतीक्षित परियोजना स्वीकृत हुई है, जो शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।प्रारंभिक योजना के अनुसार सड़क की चौड़ाई 75 फीट प्रस्तावित थी, लेकिन चौड़ीकरण की जद में बड़ी संख्या में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आने की आशंका थी। व्यापारियों की मांग और जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री से सड़क की चौड़ाई 60 फीट निर्धारित करने का आग्रह किया गया था। जिसे स्वीकार कर लिया गया। इससे बड़ी संख्या में व्यापारियों और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी तथा न्यूनतम विस्थापन के साथ सड़क का विस्तार संभव हो सकेगा।उन्होंने बताया कि चौड़ीकरण की जद में नगर निगम की कुछ दुकानें भी आ रही हैं। ऐसे व्यापारियों और प्रभावित लोगों के हितों का ध्यान रखते हुए उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम और प्रशासन इस संबंध में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। पिछले सप्ताह ही नगर निगम की ओर से परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया गया था और अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासनादेश भी जारी हो गया है।उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में काशीपुर बाईपास पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। शहर के विस्तार, औद्योगिक गतिविधियों और बढ़ते यातायात के कारण इस मार्ग पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम लोगों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क चौड़ी होने के बाद यातायात व्यवस्था सुगम होगी और लोगों का समय भी बचेगा।महापौर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रूद्रपुर में विकास कार्यों को नई गति मिली है। जनहित से जुड़े जिन भी प्रस्तावों को सरकार के समक्ष रखा गया, उन पर त्वरित कार्रवाई हुई है।भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण के लिए 14 करोड़ रुपये की स्वीकृति रूद्रपुर की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि है। यहां पर पूर्व मेयर व दर्जा मंत्री रामपाल सिंह,दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता,वेद ठुकराल,केके दास,मुकेश कुमार समेत अन्य पार्टी के लोग मौजूद थे।




