देहरादून, ब्यूरो। आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए बिहारीगढ़ से आशारोड़ी के बीच बनकर तैयार दून-दिल्ली एक्सप्रेस हाईवे को हल्के वाहनों के लिए अस्थायी रूप से खोला जा सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यह प्रस्ताव भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को भेजा गया है।
प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने बताया कि 12 जुलाई से 23 जुलाई तक कांवड़ यात्रा के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचेंगे, जिससे हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख मार्गों पर भारी दबाव की आशंका है। इस स्थिति में दून-दिल्ली एक्सप्रेस हाईवे एक विकल्प मार्ग के रूप में उपयोगी होगा।
केवल दोपहिया और चारपहिया वाहनों को मिलेगी अनुमति
अभी तक उद्घाटन न होने के बावजूद, बिहारीगढ़ से आशारोड़ी तक तैयार हो चुके इस हिस्से को दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए खोलने की योजना है। बस, ट्रक और भारी वाहन पुराने मार्ग का ही उपयोग करते रहेंगे।
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने भी मुख्यमंत्री से हाईवे को अस्थायी रूप से खोलने का अनुरोध किया था।
प्रशासन को उम्मीद है कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय और NHAI आपात स्थिति को देखते हुए इस प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति देंगे।





