Sunday, July 27, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

ऑस्ट्रेलिया में फिर भारतीय पर बर्बर हमला, सौरभ आनंद को चाकू मारकर किया घायल


ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हमलों की श्रृंखला थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला मेलबर्न का है, जहां 33 वर्षीय सौरभ आनंद पर 4-5 हमलावरों ने सरेआम हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना 19 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है।

सौरभ, जो दवाएं लेकर मेडिकल स्टोर से लौट रहे थे, उसी दौरान हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। वह अपने दोस्त से फोन पर बात कर रहे थे जब आरोपियों ने पहले उनकी जेब की तलाशी ली, फिर सिर पर घूंसा मारकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद पीठ में चाकू घोंप दिया गया, जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। हमले में उनकी कलाई पर इतनी गहरी चोट आई कि डॉक्टरों को हाथ काटने तक की आशंका हो गई थी, हालांकि समय रहते इलाज से यह टल गया।

सौरभ खून से लथपथ हालत में किसी तरह वहां से भागे और राहगीरों से मदद मांगी। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार शुरू किया।

पुलिस ने चार हमलावर किए गिरफ्तार

घटना के बाद ऑस्ट्रेलियन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों में से 4 को गिरफ्तार कर लिया है। एक की तलाश अब भी जारी है। मामले की जांच तेज कर दी गई है।

बढ़ रही हैं नस्लीय हिंसा की घटनाएं

यह कोई पहली घटना नहीं है। हाल ही में चरणप्रीत सिंह नामक एक अन्य भारतीय युवक पर भी हमला हुआ था। पत्नी के साथ घूमने निकले चरणप्रीत पर लात-घूंसे बरसाए गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

भारतीय समुदाय में भय और नाराजगी

लगातार हो रहे इन हमलों से ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीयों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल है। भारतीय समुदाय ने सरकार से नस्लीय हमलों पर रोक लगाने और प्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

विदेश मंत्रालय की नजर

भारत सरकार और विदेश मंत्रालय की ओर से इस मुद्दे पर गंभीर रुख अपनाए जाने की उम्मीद है, ताकि विदेशों में बसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।

 

Popular Articles