नई दिल्ली। एयर इंडिया ने भारत और कनाडा के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुंबई से कनाडा के टोरंटो के लिए नई नॉन-स्टॉप उड़ान शुरू करने की घोषणा की है। यह सेवा 25 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और शीतकालीन (विंटर 2026-27) उड़ान कार्यक्रम के तहत संचालित की जाएगी। बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए एयरलाइन ने यह फैसला लिया है।
नई सेवा शुरू होने के बाद मुंबई से कनाडा जाने वाले यात्रियों को बीच में किसी अन्य शहर में ठहराव नहीं करना पड़ेगा। इससे यात्रा का समय कम होगा और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक एवं सहज यात्रा का विकल्प मिलेगा। एयर इंडिया का मानना है कि यह उड़ान व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और पारिवारिक यात्राओं को भी बढ़ावा देगी।
एयरलाइन ने इसके साथ ही दिल्ली-टोरंटो मार्ग पर भी नई पीढ़ी के बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान तैनात करने का फैसला किया है। इस विमान में बेहतर केबिन सुविधाएं, प्रीमियम इकोनॉमी श्रेणी और आधुनिक इन-फ्लाइट सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक होगा।
एयर इंडिया के अनुसार, भारत और कनाडा के बीच यात्रा की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए एयरलाइन अपने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का विस्तार कर रही है। मुंबई-टोरंटो नॉन-स्टॉप सेवा शुरू होने से पश्चिमी भारत के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा और उन्हें दिल्ली या अन्य शहरों के जरिए यात्रा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
एयरलाइन ने नई उड़ान के लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी है। कंपनी का कहना है कि इस नई सेवा से भारत और कनाडा के बीच हवाई संपर्क और मजबूत होगा तथा दोनों देशों के बीच आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक संबंधों को भी नई गति मिलेगी।





