उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सहित राज्यभर में 67 सड़कों को मलबा और भूस्खलन के कारण बंद कर दिया गया है।
यमुनोत्री हाईवे पर निर्माण कार्य तेज यमुनोत्री हाईवे पर ओजरी के पास बीते 28 जून को मार्ग का एक हिस्सा बह गया था। इसके बाद एनएच विभाग की ओर से वहां 24 मीटर लंबे स्पान का बैली ब्रिज निर्माण कार्य शुरू किया गया है। मौसम अनुकूल होने के चलते कार्य में तेजी आई है। साथ ही स्यानाचट्टी में सिंचाई विभाग द्वारा यमुना नदी में बनी झील के मुहाने से मलबा हटाने का कार्य भी जारी है।
राज्यभर में सड़कें बंद, यात्रा बाधित
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार:
• उत्तरकाशी: 1 राष्ट्रीय राजमार्ग और 11 ग्रामीण सड़कें बंद
• रुद्रप्रयाग: 4 ग्रामीण सड़कें बंद
• चमोली: 1 राज्य मार्ग और 21 ग्रामीण मार्ग प्रभावित
• नैनीताल: 2 सड़कें
• पिथौरागढ़: 6 ग्रामीण सड़कें
• अल्मोड़ा: 1 राष्ट्रीय राजमार्ग और 1 ग्रामीण मार्ग
• बागेश्वर: 11 ग्रामीण सड़कें
• पौड़ी गढ़वाल: 3 ग्रामीण मार्ग
• देहरादून: 2 ग्रामीण मार्ग
• टिहरी: 3 ग्रामीण सड़कें
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 6 जुलाई को रुद्रप्रयाग, टिहरी, बागेश्वर और देहरादून जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित है। प्रशासन द्वारा राहत और बहाली का कार्य जारी है, लेकिन यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे आवश्यक सावधानी बरतें और यात्रा से पहले संबंधित विभागों से मार्ग की जानकारी अवश्य लें।