देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के छह जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण सड़क मार्गों पर आवाजाही प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने नदी-नालों और गदेरों के आसपास नहीं जाने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
राज्य में बारिश के कारण कई सड़कें पहले भी बाधित हुई हैं और उन्हें खोलने के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें लगातार काम कर रही हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखने के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।





