देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह ‘ग’ के 2000 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली 14 प्रतियोगी परीक्षाओं का विस्तृत कैलेंडर जारी कर दिया है। इससे लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिली है।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए आगामी महीनों में चरणबद्ध तरीके से लिखित परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। कैलेंडर जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथियों की स्पष्ट जानकारी मिल गई है, जिससे तैयारी की रणनीति तय करना आसान होगा।
इस बीच आयोग ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा की तिथि में भी बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 17 मई को प्रस्तावित थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसे आगे बढ़ा दिया गया है। संशोधित तिथि की सूचना आयोग ने आधिकारिक आदेश के माध्यम से जारी कर दी है।
भर्ती परीक्षाओं के माध्यम से राज्य के विभिन्न विभागों में प्रशासनिक, तकनीकी और सहायक श्रेणी के पद भरे जाएंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अपडेट अवश्य देखते रहें, ताकि प्रवेश पत्र, परीक्षा केंद्र और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं से अवगत रह सकें।
भर्ती कैलेंडर जारी होने को राज्य में लंबित भर्तियों को गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में इसे लेकर उत्साह देखा जा रहा है।





