Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड के मान-सम्मान से बड़ा कुछ नहीं, अखिलेश और राहुल पर बरसे सीएम धामी

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। देहरादून में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा के कार्यक्रम में उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की उत्तराखंड के लोगों को लेकर की गई कथित टिप्पणी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर दिए गए बयान का जिक्र करते हुए विपक्ष को घेरा।

अखिलेश के बयान पर कांग्रेस से मांगा जवाब

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अखिलेश यादव उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बता रहे हैं, जबकि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी राजनीतिक गठबंधन में साथ हैं। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह अपने सहयोगी दल के इस बयान से सहमत है? यदि कांग्रेस सहमत नहीं है, तो उसे सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

धामी ने कहा कि राजनीतिक गठबंधन अपनी जगह है, लेकिन उत्तराखंड की जनता के मान-सम्मान और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पर किसी राजनीतिक गठबंधन को स्वीकार करने की कोई मजबूरी नहीं है।

उत्तराखंड आंदोलन का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा, मसूरी और खटीमा गोलीकांड का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं को प्रदेश की जनता आज भी याद रखती है। धामी ने इन घटनाओं का संदर्भ देते हुए अखिलेश यादव और उनके परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि पर भी सवाल उठाए।

अजीत डोभाल के मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरा

धामी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनका जन्म उत्तराखंड में हुआ और उन्होंने देश की सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने डोभाल के बारे में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पार्टी इन टिप्पणियों से सहमत नहीं है, तो उसके नेताओं को खुलकर अपनी असहमति जाहिर करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उत्तराखंड का गौरव, सम्मान और स्वाभिमान सर्वोपरि है। राजनीतिक दलों को प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

Popular Articles