पश्चिमी हिमालयी राज्यों के साथ ही पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। हिमाचल प्रदेश के आधे से अधिक क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। कश्मीर घाटी में पहले से ही तापमान माइनस में चल रहा है और उसके ऊपर से हो रही बर्फबारी ने कंपकपी बढ़ा दी है। जम्मू संभाग में भी सर्दी का पिछले साल का रिकॉर्ड टूट गया है। लेह और लद्दाख में भी खून को जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी पारे में भारी गिरावट आई है और कई जगह न्यूनतम तापमान 2 डिग्री से भी कम दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने 15 दिसंबर तक कड़ाके की ठंड पड़ने और शीतलहर चलने की चेतावनी दी है।हिमाचल प्रदेश में मंगलवार रात को लाहौल-स्पीति, कुल्लू, किन्नौर, ऊना, बिलासपुर के कुछ क्षेत्रों में पारा माइनस में दर्ज हुआ। हमीरपुर, सोलन में न्यूनतम पारा शून्य के करीब रहा। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी पारा तीन से चार डिग्री के बीच ही रहा। ताबो में सबसे न्यूनतम तापमान सबसे कम माइनस 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में यह शून्य से 6.2 डिग्री नीचे रहा। किन्नौर में चोटियों पर बुधवार को भी हिमपात हुआ है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। मंडी में देर रात बर्फ पर फिसलकर एक कार खाई में गिर गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।
कश्मीर के गुलमर्ग, राजदान पास, सोनमर्ग, जोजिला सहित कई पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है, जिससे शीतलहर और तेज हो गई है। कश्मीर में रात के तापमान में सुधार आया है, लेकिन अधिकांश जिलों में दिन के साथ रात का पारा सामान्य से 2 से 6 डिग्री नीचे चल रहा है। राजधानी श्रीनगर में दिन का तापमान 8.8, पहलगाम में 4.2 और गुलमर्ग में माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में खून जमा देने वाली ठंड के बीच दिन और रात का पारा शून्य डिग्री से नीचे चल रहा है। जम्मू में रात का पारा सामान्य से 5.2 डिग्री गिरकर 5.0 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन की सर्द रात बीती। इस पारे ने पिछले साल का न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। जम्मू में 19 दिसंबर 2023 को न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री दर्ज किया गया था।
उत्तर भारत में अगले चार दिन शीतलहर का अलर्ट





