देहरादून। प्रदेश में हाल ही में आई आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लगातार दूसरे दिन स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने दून घाटी के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त सड़कों पर जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जाए और जहां रास्ते पूरी तरह बंद हो गए हैं, वहां वैकल्पिक मार्ग तत्काल विकसित किए जाएं।
मसूरी रोड, किमाड़ी और टपकेश्वर पहुंचे
मुख्यमंत्री धामी ने मसूरी रोड, किमाड़ी और टपकेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र का ग्राउंड जीरो पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य करने के लिए सभी विभाग युद्धस्तर पर कार्य करें। खासकर उन स्थानों पर जहां सड़कें टूटी हैं और आवागमन बाधित है, वहां राहत शिविर और अस्थायी मार्गों की व्यवस्था प्राथमिकता से की जाए।
आपदा पीड़ितों को त्वरित सहायता का आश्वासन
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पीड़ित परिवारों को आपदा मानकों के अनुसार आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
टपकेश्वर मंदिर में जलाभिषेक
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने टपकेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र में अतिवृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर के पुजारियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। इसके उपरांत सीएम धामी ने मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी रहे साथ
मुख्यमंत्री के निरीक्षण दौरे में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी और प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं।





