Monday, June 30, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

आज पुडुचेरी भाजपा को मिलेगा नया अध्यक्ष

पुडुचेरी भाजपा को सोमवार को नया अध्यक्ष मिलने जा रहा है। पूर्व नामित विधायक वी. पी. रामालिंगम 30 जून को निर्विरोध रूप से पार्टी अध्यक्ष चुने जाएंगे। रामालिंगम ने रविवार को इस पद के लिए नामांकन दाखिल किया और उनके अलावा किसी और ने नामांकन नहीं किया, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। भाजपा इस समय एआईएनआरसी (ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस) के नेतृत्व वाली सरकार में गठबंधन सहयोगी है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। रामालिंगम (63 वर्षीय) ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी। उन्होंने 2021 में भाजपा का दामन थामा, जब पार्टी एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली सरकार में गठबंधन सहयोगी बनी थी। रामालिंगम उन तीन भाजपा नेताओं में शामिल थे, जिन्हें पुडुचेरी विधानसभा में नामित किया गया था। उनके साथ के. वेंकटेशन और आर. बी. अशोक बाबू भी नामित विधायक थे। तीनों नामित विधायकों ने 27 जून को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। पेशे से व्यवसायी और रियल एस्टेट कारोबारी रामालिंगम के पास तकनीकी क्षेत्र में डिप्लोमा है। उनके बड़े भाई वी. पी. शिवकोलुंधु कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और वह पूर्व मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं। रामालिंगम अब एस. सेल्वगणपति की जगह लेंगे, जो अब तक भाजपा की पुडुचेरी इकाई के अध्यक्ष थे।पुडुचेरी की राजनीति में इन दिनों घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं। 27 जून को सरवनन कुमार ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। भाजपा सूत्रों के अनुसार, उनके स्थान पर नए मंत्री की नियुक्ति पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद की जाएगी। पुडुचेरी भाजपा इकाई ने तीन नामित विधायकों के इस्तीफे से खाली हुई सीटों को भरने के लिए तीन नामों की सिफारिश पार्टी हाईकमान को भेज दी है।

Popular Articles