Tuesday, August 5, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

आज पंचतत्व में विलीन होंगे शिबू सोरेन, झारखंड में शोक की लहर

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का शनिवार, 4 अगस्त को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। आज उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़ जिला) में किया जाएगा।

शिबू सोरेन को 19 जून से दिल्ली के अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. एके भल्ला की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। शनिवार सुबह 8:56 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रांची आवास पर अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
गुरुजी के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए रांची स्थित उनके आवास पर बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और आम लोग पहुंचे। राजनीतिक और सामाजिक जीवन में अहम भूमिका निभाने वाले इस जननेता के निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है।

अर्जुन मुंडा ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, यह भवन उनके संघर्ष की कहानी का मूक गवाह रहा है। जब मैं मुख्यमंत्री था, तब मैंने वादा किया था कि गुरुजी जीवनभर इसी घर में रहेंगे। आज वे नहीं रहे, लेकिन मैं उन्हें इसी घर में श्रद्धांजलि देने आया हूं।”

नेमरा गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी
शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव नेमरा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। रामगढ़ प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। राज्य सरकार के कई मंत्री और नेता अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचेंगे।

झारखंड चैंबर का आग्रह – दोपहर 1 बजे तक प्रतिष्ठान बंद रखें
शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने सभी दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे मंगलवार दोपहर 1 बजे तक अपने परिसर बंद रखें

Popular Articles