Saturday, February 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

आज नौसेना दिवस

आज नौसेना दिवस है और ओडिशा का पुरी शहर इस खास दिन के लिए पूरी तरह से तैयार है। शहर को सुंदर तरीके से सजाया गया है, और बुधवार को महामहिम की उपस्थिति में यहां एक अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। भारतीय नौसेना आज पुरी के ब्लू फ्लैग बीच पर एक भव्य ऑपरेशनल डेमोंस्ट्रेशन आयोजित करेगी, जो नौसेना दिवस समारोह का हिस्सा है। नौसेना दिवस हर साल 4 दिसंबर को मनाया जाता है। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी, और भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी कार्यक्रम की मेज़बानी करेंगे। यह डेमोंस्ट्रेशन भारतीय नौसेना की क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा और भारत के समुद्री हितों की रक्षा में उसकी प्रतिबद्धता को उजागर करेगा। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए पुरी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति बुधवार को पुरी पहुंचेंगी, जहां वे भगवान जगन्नाथ के दर्शन करेंगी और पूजा-अर्चना करने के बाद लगभग 3:55 बजे पुरी के ब्लू फ्लैग बीच के लिए रवाना होंगी। यहां वे नौसेना दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

नौसेना दिवस 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में भारतीय नौसेना द्वारा किए गए साहसी अभियानों की याद दिलाता है। 4 दिसंबर 1971 को पाकिस्तानी नौसेना को भारी नुकसान पहुंचाने के बाद कराची में आग लग गई थी। यह दिन उन नौसैनिकों और अधिकारियों की वीरता और साहस को सलाम करने का अवसर है, जिन्होंने इस ऑपरेशन में भाग लिया।समारोह में भारतीय नौसेना के विमान, समुद्री जहाज, हेलीकॉप्टर, सबमरीन और वैसल ओडिशा स्थित पुरी के ‘ब्लू फ्लैग बीच’ पर अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करते दिखाई देंगे। इस समारोह में भारतीय नौसेना के 15 युद्धपोत और 40 से अधिक विमान हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही नौसैनिक पनडुब्बियां और मरीन कमांडो भी समारोह में नेवी की क्षमताओं को दिखाएंगे। नौसेना दिवस समारोह का समापन पूर्वी नौसैना कमान के बैंड द्वारा किया जाएगा। पारंपरिक बीटिंग रिट्रीट समारोह भी आयोजित किया जाएगा। कंटिन्यूटी ड्रिल और उसके बाद ड्रोन और लेजर शो नौसेना दिवस समारोह का एक महत्वपूर्ण आकर्षण होगा।

Popular Articles