उत्तराखंड में मौसम का कहर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को देहरादून सहित छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जनपदों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में बिजली गिरने और तेज बौछारों के साथ बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 25 अगस्त को भी पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है, जबकि 27 अगस्त तक प्रदेशभर में तेज दौर की बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है।





