आंगन का मिलन सम्मेलन’ में मातृ एवं बाल कल्याण योजनाओं पर हुआ संवाद
हल्द्वानी। महिलाओं और बच्चों से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार हुसैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन में गर्भवती महिलाओं, लाभार्थियों और अभिभावकों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना, नंदा गौरा योजना और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को योजनाओं के लिए निर्धारित पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों से संवाद कर उनके विचार सुने गए। वक्ताओं ने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका पर चर्चा की।
मुख्य अतिथि इसरार हुसैन ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महिलाओं और बच्चों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में जहीर अंसारी, राजा कमाल और शानू खान समेत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे। वार्ड 25 तथा वार्ड 17 से 20 के आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता आदिबा, साहिल और गजाला तथा सुपरवाइजर हेमा जोशी शामिल रहीं। वहीं वार्ड 22 और वार्ड 8 से 13 के केंद्रों से नाजिश, साहिका और जाकरा सहित सुपरवाइजर वसुंधरा गुंजियाल मौजूद रहीं। अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं और अभिभावकों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।





