असम के ग्वालपाड़ा और होजाई जिलों में अतिक्रमण हटाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हिंसा में बदल गया। होजाई में भीड़ द्वारा पुलिस दल पर हमले और वाहनों में तोड़फोड़ के बाद कम से कम 14 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना में तीन पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
असम पुलिस के पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) अखिलेश सिंह ने बताया कि अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा, “भीड़ ने एक भारी वाहन और उसके चालक को रोक लिया था। चालक को बचाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। देखते ही देखते दर्जनों लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ कर दी।”
ग्वालपाड़ा में गत महीने अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान हुई झड़प में पुलिस की गोलीबारी से 19 वर्षीय सकोवर अली की मौत हुई थी। उनकी मां नचिरन बीबी ने गुवाहाटी हाई कोर्ट को पत्र भेजकर गोलीबारी को “अकारण और अत्यधिक” बताया है।





