Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिका में बनेगा सबसे बड़ा स्टील प्लांट, एस्सार ग्रुप करेगा 15 अरब डॉलर का निवेश; 2030 में शुरू होगा उत्पादन

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय कारोबारी समूह एस्सार ग्रुप की अमेरिकी इकाई मेसाबी मेटालिक्स द्वारा आयोवा में विशाल स्टील प्लांट स्थापित करने की योजना का एलान किया है। करीब 15 अरब डॉलर की लागत वाली इस परियोजना को अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा स्टील संयंत्र बताया जा रहा है। ट्रंप ने 28 सितंबर को व्हाइट हाउस में इसकी घोषणा की।

मेसाबी मेटालिक्स के अनुसार, संयंत्र में चरणबद्ध तरीके से उत्पादन बढ़ाया जाएगा और पूरी क्षमता पर यह सालाना करीब 1 करोड़ टन स्टील का उत्पादन कर सकेगा। परियोजना से आयोवा में लगभग 1,750 स्थायी रोजगार पैदा होने की उम्मीद है, जबकि निर्माण के दौरान करीब 6,000 नौकरियां मिलने की बात कही गई है। उत्पादन शुरू होने का लक्ष्य 2030 रखा गया है।

मिनेसोटा की खदान से मिलेगा कच्चा माल

इस परियोजना को अमेरिका में ही कच्चे माल से स्टील तैयार करने के लिए एकीकृत व्यवस्था के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्लांट को लौह अयस्क की आपूर्ति मिनेसोटा में मेसाबी मेटालिक्स की नई खदान से की जाएगी। कंपनी ने इस खदान में करीब 2.5 अरब डॉलर का निवेश किया है। खदान से हर साल लगभग 75 लाख टन लौह अयस्क उत्पादन की योजना है।

अमेरिकी उद्योग में बड़ा निवेश

एस्सार ग्रुप के चेयरमैन रेवंत रुइया ने परियोजना को अमेरिका में औद्योगिक निर्माण को बढ़ावा देने वाला निवेश बताया। कंपनी के मुताबिक, संयंत्र में आधुनिक स्टील निर्माण तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। परियोजना के निर्माण और शुरुआती संचालन के दौरान अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव का अनुमान करीब 95 अरब डॉलर लगाया गया है।

व्हाइट हाउस के अनुसार, मिनेसोटा की प्रस्तावित लौह अयस्क खदान करीब 50 वर्षों में अमेरिका में शुरू होने वाली पहली नई आयरन माइन बताई जा रही है। इससे स्टील उत्पादन के लिए घरेलू सप्लाई चेन को मजबूत करने की योजना है।

Popular Articles