Sunday, July 27, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिका के मिशिगन में वॉलमार्ट में चाकूबाजी, 11 लोग घायल; छह की हालत गंभीर


अमेरिका के मिशिगन राज्य के ट्रैवर्स सिटी के पास स्थित वॉलमार्ट स्टोर में शनिवार दोपहर खौफनाक चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस हमले में कम से कम 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से वॉलमार्ट और आसपास के व्यवसायिक स्थलों से दूर रहने की अपील की है।

घायलों को तुरंत मुनसन मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है।
मुनसन हेल्थकेयर की चीफ कम्युनिकेशन ऑफिसर मेगन ब्राउन ने बताया कि अस्पताल में सभी पीड़ितों की हालत की गंभीरता का आकलन किया जा रहा है। डॉक्टरों की एक टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है।

मिशिगन राज्य पुलिस ने जानकारी दी कि शाम 6 बजे के करीब एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल हमले के पीछे की मंशा या संदिग्ध की पहचान उजागर नहीं की है। अधिकारियों ने कहा कि घटना की जानकारी सीमित है और जांच जारी है।

पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे वॉलमार्ट और आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं, क्योंकि स्थिति अब भी संवेदनशील बनी हुई है।

मिशिगन की गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर ने हमले पर दुख जताते हुए कहा,

हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। यह घटना समुदाय को झकझोर देने वाली है। ऐसी क्रूर हिंसा की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।”

वॉलमार्ट ने भी एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि वह कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर जांच में पूरा सहयोग कर रहा है। कंपनी ने घटना को लेकर गहरा शोक प्रकट किया है।

 

हाल के वर्षों में अमेरिका में सार्वजनिक स्थलों पर चाकूबाजी और गोलीबारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शॉपिंग मॉल, स्कूल, धार्मिक स्थल और स्टोर जैसी जगहों पर ऐसे हमले सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था और गन कंट्रोल कानूनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

 

 

Popular Articles