Top 5 This Week

Related Posts

अबूधाबी से लाया गया, IGI एयरपोर्ट पर गिरफ्तार; ड्रग्स तस्कर वीरेंद्र बसोया का बेटा ऋषभ पुलिस की गिरफ्त में

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। कुख्यात ड्रग्स तस्कर वीरेंद्र सिंह बसोया के बेटे ऋषभ बसोया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ऋषभ को अबूधाबी में पकड़े जाने के बाद मंगलवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट लाया गया, जहां स्पेशल सेल ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, ऋषभ को अबूधाबी में स्पेशल सेल की सूचना के आधार पर पकड़ा गया था। अब उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी है। जांच एजेंसियां उससे भारत के अलावा दूसरे देशों में फैले ड्रग्स नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाएंगी।

पिता से पूछताछ के बाद मिली जानकारी
ऋषभ की गिरफ्तारी कुख्यात ड्रग्स तस्कर वीरेंद्र बसोया से पूछताछ के बाद हुई है। करीब एक महीने पहले वीरेंद्र बसोया को अबूधाबी में हिरासत में लिया गया था। भारत लाए जाने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की मुंबई जोनल टीम ने उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भी अपने मामले में उससे पूछताछ की।

पूछताछ के बाद वीरेंद्र बसोया को तिहाड़ जेल भेज दिया गया। अब स्पेशल सेल उसे दोबारा रिमांड पर लेकर बेटे ऋषभ के सामने बैठाकर पूछताछ करने की तैयारी में है। पुलिस का मकसद दोनों से पूछताछ के जरिए पूरे सिंडिकेट की कड़ियां जोड़ना और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों तक पहुंचना है।

13 हजार करोड़ के कोकेन मामले से जुड़ा नेटवर्क
जांच एजेंसियों के अनुसार, बसोया नेटवर्क पर करीब 13,000 करोड़ रुपये के कोकेन मामले से जुड़े होने के आरोप हैं। ऋषभ पर नेटवर्क में लॉजिस्टिक्स संभालने और ड्रग्स की खेप के संचालन में भूमिका निभाने के आरोप जांच का हिस्सा हैं। उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस भी जारी किया गया था।

अब ऋषभ की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की जांच का फोकस इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट के बाकी सदस्यों और उसके वित्तीय नेटवर्क पर है।

Popular Articles