Top 5 This Week

Related Posts

अतिक्रमण पर निगम का बुलडोजर, बनभूलपुरा में तीन जगह कार्रवाई

शनि बाजार रोड पर अवैध निर्माण ध्वस्त, ताज मस्जिद के पास रास्ता कराया साफ; जर्जर सामुदायिक भवन भी गिराया

हल्द्वानी। शहर में अतिक्रमणकारियों पर नगर निगम ने एक बार फिर शिकंजा कस दिया। मंगलवार को शनि बाजार रोड से लेकर बनभूलपुरा की नई बस्ती तक निगम की कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया और रास्तों को अवरोधमुक्त कराया।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि शनि बाजार रोड के मोड़ पर नए अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद प्राधिकरण और नगर निगम की संयुक्त टीम ने एक दिन पहले ही संबंधित व्यक्ति को निर्माण रोकने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद निर्माण जारी रखा गया। अवैध निर्माण के चलते वहां लगे ट्रांसफार्मर को भी चारों ओर से घेर लिया गया था। मंगलवार को निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण ध्वस्त कर दिया।

इसके अलावा बनभूलपुरा में ताज मस्जिद के पास रास्ते में किए गए अतिक्रमण को हटाकर आवागमन सुचारु कराया गया। वहीं, वार्ड संख्या 23 नई बस्ती स्थित नगर निगम के पुराने सामुदायिक भवन पर भी कार्रवाई की गई। लंबे समय से भवन के भीतर नशे की गतिविधियां होने की शिकायतें मिल रही थीं। जर्जर और खतरनाक हालत को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर भवन को ध्वस्त किया गया।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सामुदायिक भवन हटने के बाद निगम की भूमि खाली हो जाएगी। इसके बाद स्थल के विकास के लिए विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।

Popular Articles