इस साल हुई 79वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA79) में सबसे ज्यादा दो मांगे गूंजी। पहली संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार लाने और दूसरा भारत को स्थायी सीट देने की मांग की गई। भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट मिले इसके लिए दुनिया भर के कई देश समर्थन दे रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता का विस्तार करने के लिए विश्व नेताओं के बीच आम सहमति बनती दिखी। भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट देने की वकालत करने वाले देशों की सूची में रूस, अमेरिका, फ्रांस, पुर्तगाल और ब्रिटेन हैं। इन देशों के नेताओं ने स्थायी सदस्य के तौर पर भारत की उम्मीदवारी का समर्थन किया है।न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो साझा किया। इसमें भारत की उम्मीदवारी के लिए विश्व नेता समर्थन करते हुए दिखाई दिए। वीडियो के साथ-साथ भारत के स्थायी मिशन ने लिखा, ‘यूएनजीए-79 में एक मूलमंत्र। आपके समर्थन के लिए धन्यवाद, दोस्तों और भागीदारों।’
वीडियो में अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लौरेंको ने तुरंत सुधार पर जोर दिया। साथ ही कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का सुधार दक्षिण देशों (अफ्रीका, लैटिन अमेरिका, मध्य पूर्व और भारतीय उपमहाद्वीप) को आवाज देने के लिए जरूरी प्रतीत होता है।