महाराष्ट्र विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार को आरंभ हुआ। इसके शुरुआत में महाराष्ट्र विधानसभा ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी और विधायक राजेंद्र पाटनी की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि दी गई।
इसके अलावा, विपक्षी महा विकास अघाड़ी के विधायकों ने विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत से पहले सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार पर मराठा और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदायों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
बजट सत्र एक सप्ताह तक चलेगा और यह विधानसभा चुनाव से पहले हो रहा है। विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट और अन्य विधायक विधान भवन की सीढ़ियों पर एकत्र हो गए।
गुस्साए विधायकों ने बैनर लहराते हुए एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने राज्य सरकार पर आरक्षण के मुद्दे पर मराठा और ओबीसी समुदायों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
पिछले हफ्ते, महाराष्ट्र विधानमंडल ने सर्वसम्मति से एक अलग श्रेणी के तहत मराठों के लिए शिक्षा और सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने वाला एक विधेयक पारित किया। आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ओबीसी श्रेणी के तहत समुदाय के लिए आरक्षण और कुनबी मराठाओं के रक्त संबंधियों पर अधिसूचना को कानून में बदलने की मांग की है।





