कोलकाता, ब्यूरो। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में IIM कलकत्ता परिसर से एक और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि संस्थान के एक छात्र ने उसे हॉस्टल में बुलाकर दुष्कर्म किया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार देर शाम महिला ने हरिदेवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया और आरोपी छात्र को तत्काल हिरासत में ले लिया।
पिछले दो हफ्तों में दूसरी गंभीर घटना
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब कोलकाता में हाल ही में साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज की एक छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना ने सनसनी फैला दी थी।
25 जून को हुई उस घटना में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिन्हें 9 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
जांच जारी, संस्थान की प्रतिक्रिया का इंतजार
IIM कलकत्ता की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद और विवरण सामने आएंगे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।





