Saturday, March 7, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

CM हिमंत बिस्व सरमा का राहुल गांधी पर गंभीर आरोप, कहा – “अतिक्रमणकारियों को भड़काया”

असम के गोलपाड़ा जिले के पैकन रिजर्व फॉरेस्ट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुई हिंसक झड़प और एक व्यक्ति की मौत के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की “गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी” ने अतिक्रमणकारियों को भड़काया और उन्हें पुलिस तथा वन कर्मियों पर हमला करने के लिए उकसाया।

राहुल की यात्रा के बाद भड़की हिंसा”
सीएम सरमा ने कहा कि राहुल गांधी के राज्य के एक दिवसीय दौरे के अगले ही दिन पैकन रिजर्व फॉरेस्ट में हिंसक झड़प हुई, जिसे उन्होंने कांग्रेस नेता की “विनाशकारी विरासत” बताया। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए सरमा ने लिखा, राहुल गांधी असम आए और अतिक्रमणकारियों को वन भूमि पर कब्जा करने के लिए खुलकर उकसाया। उनके बेतुके शब्दों से प्रभावित होकर भीड़ ने पुलिस और वन रक्षकों पर हमला किया, जिसमें 21 अधिकारी घायल हुए।”

असम की शांति को किया खतरे में”
मुख्यमंत्री का कहना है कि हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को गोलियां चलानी पड़ीं, जिसमें एक अतिक्रमणकारी की मौत हो गई। उन्होंने राहुल गांधी पर शांति भंग करने और असम की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि असम के लोग इस विश्वासघात को न तो भूलेंगे और न ही माफ करेंगे।”

राहुल गांधी ने क्या कहा था?
अपने दौरे में राहुल गांधी ने असम सहित पूरे देश में भूमि अधिग्रहण को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि आम लोगों से ज़मीनें छीनकर चंद उद्योगपतियों को दी जा रही हैं।

क्या है पूरा मामला?
पैकन आरक्षित वन क्षेत्र में शनिवार को अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और वन विभाग की टीम पर कथित अतिक्रमणकारियों ने लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया था। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जिससे एक व्यक्ति की मौत और दो लोग घायल हो गए। झड़प में कई सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए।

यह घटनाक्रम राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की वजह से अब और गरमा गया है और आने वाले दिनों में असम की राजनीति में इसके गहरे असर पड़ने की संभावना है।

Popular Articles