तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को महबूबाबाद जिले के बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सीएम रेड्डी अपने कैबिनेट के कुछ सहयोगियों के साथ कई इलाकों का दौरा करने के बाद खम्मम में रात भर रुके। राज्य में मूसलाधार बारिश के कारण अबतक 16 लोगों की मौत हो चुकी हैं। तेलंगाना सरकार ने केंद्र से 2,000 करोड़ रुपये की तत्काल सहायता मांगी। रेवंत रेड्डी के दौरे से पहले सूत्रो ने कहा, “मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी आज खम्मम से महबूबाबाद में बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए रवाना होंगे और स्थिति पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।” सीएम रेड्डी ने बारिश के कारण जान गंवाने वालों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा करने का भी आग्रह किया। मौजूदा हालात को देखते हुए सीएम रेड्डी ने मंत्रियों और अधिकारियों से सूर्यापेट में बैठक की। उन्होंने बताया कि खम्मम में लाखों एकड़ में लगी फसल को नुकसान हुआ है। एक अधिकारी ने बताया कि 100 राहत शिविरों में चार हजार के करीब लोगों ने शरण ली है। पिछले शनिवार से लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है।
राज्य की मुख्य सचिव शांति कुमारी ने सोमवार को अधिकारियों के साथ टेलीकांफ्रेंस की और अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश के मद्देनजर 11 जिलों के कलेक्टरों को सतर्क रहने और योजना बनाने को कहा। हालांकि, तेलंगाना सरकार ने सोमवार को बारिश के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए। राज्य के पंचायत राज मंत्री दानसारी अनसूया ने सोमवार को मुरादाबाद जिले में क्षतिग्रस्त इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राहत शिविरों का निरीक्षण भी किया।





