नई दिल्ली। भारत की मेजबानी में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों के सम्मान में आयोजित गाला डिनर को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। रात्रिभोज में भाजपा और उसके सहयोगी दलों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी के बीच कांग्रेस शासित राज्यों के तीन मुख्यमंत्री नजर नहीं आए। इसके बाद विपक्षी मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण दिए जाने को लेकर सवाल उठने लगे।
हालांकि, आधिकारिक सूत्रों ने इन सवालों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के मुख्यमंत्रियों को डिनर के लिए बाकायदा आमंत्रित किया गया था। इसके बावजूद तेलंगाना, कर्नाटक और केरल के मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
रेवंत रेड्डी ने स्वीकार किया था निमंत्रण
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने 12 सितंबर को होने वाले रात्रिभोज का निमंत्रण स्वीकार भी कर लिया था। लेकिन बाद में उनके कार्यालय की ओर से सरकार को बताया गया कि अपरिहार्य परिस्थितियों के चलते वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेंगे।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीसन भी गाला डिनर में नहीं पहुंचे। तीनों मुख्यमंत्रियों के कार्यक्रम से दूर रहने के फैसले के बाद इसको लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं।
तमिलनाडु के CM विदेश दौरे पर थे
सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर होने के कारण डिनर में मौजूद नहीं थे। वहीं कांग्रेस शासित तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण मिलने के बावजूद उनकी गैरमौजूदगी ने इस आयोजन को लेकर सियासी चर्चा को बढ़ा दिया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि BRICS नेताओं के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित करने का फैसला भारत की BRICS अध्यक्षता के दौरान विभिन्न शहरों में समूह से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की सरकार की पहल का हिस्सा था।
राहुल गांधी और खरगे को न्योते पर भी विवाद
BRICS डिनर को लेकर यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब सरकारी कार्यक्रमों में विपक्ष की भागीदारी को लेकर पहले भी भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने रही हैं।
भाजपा पहले राहुल गांधी पर निमंत्रण मिलने के बावजूद महत्वपूर्ण राजकीय कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने का आरोप लगा चुकी है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने राजकीय भोज में राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल, BRICS डिनर में कांग्रेस के तीन मुख्यमंत्रियों की अनुपस्थिति को लेकर कोई सीधा राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप सामने नहीं आया है। लेकिन आधिकारिक सूत्रों द्वारा निमंत्रण दिए जाने की पुष्टि के बाद इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक चर्चा जरूर तेज कर दी है।





