Top 5 This Week

Related Posts

ESIC के 4 करोड़ कर्मचारियों को बड़ी राहत, बीमारी और मातृत्व का पैसा सीधे बैंक खाते में आएगा

नई दिल्ली। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने देश के करोड़ों कामगारों को राहत देते हुए नए नियम अधिसूचित किए हैं। इसके तहत अब पात्र कर्मचारियों को बीमारी, मातृत्व और कार्यस्थल पर चोट लगने से जुड़े नकद लाभ सीधे उनके बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से मिल सकेंगे। खास बात यह है कि कई मामलों में कर्मचारियों को अलग से दावा प्रपत्र भरने की जरूरत नहीं होगी।

केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचित ‘कर्मचारी राज्य बीमा (सामान्य) विनियम, 2026’ पुराने 1950 के नियमों की जगह लेंगे। इनका उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के प्रावधानों को लागू करना और कर्मचारियों के लिए भुगतान प्रक्रिया को आसान बनाना है।

तीन शर्तें पूरी होने पर अपने आप होगा क्लेम

नए नियमों के अनुसार, बीमारी और मातृत्व लाभ का दावा स्वतः निस्तारित करने के लिए तीन शर्तें पूरी होनी जरूरी हैं। पहली, चिकित्सा प्रमाणपत्र ईएसआईसी के सूचना तंत्र से जारी हुआ हो। दूसरी, नियोक्ता ने पोर्टल पर मासिक विवरण जमा किया हो। तीसरी, कर्मचारी का बैंक खाता और बीमा नंबर आधार से जुड़ा हो।

दुर्घटना होने पर भी मिलेगी राहत

काम के दौरान दुर्घटना में अस्थायी या स्थायी दिव्यांगता होने पर अब नियोक्ता की दुर्घटना रिपोर्ट ही दावा मानी जाएगी। कर्मचारी की मृत्यु होने की स्थिति में उसके आश्रितों को मिलने वाले लाभ के लिए भी यही व्यवस्था लागू होगी। इससे परिवारों को अलग से आवेदन करने की परेशानी कम होगी।

मातृत्व लाभ की अवधि बढ़ी

नए नियमों में मातृत्व लाभ के लिए प्रसव की संभावित तारीख से पहले दावा करने की अवधि 50 दिन से बढ़ाकर 56 दिन कर दी गई है। हालांकि, दो या अधिक जीवित बच्चों वाली बीमित महिलाओं के लिए यह अवधि 42 दिन होगी।

चार करोड़ कर्मचारियों को मिलेगा फायदा

ईएसआईसी के इन बदलावों से करीब चार करोड़ बीमित कर्मचारियों और लगभग 15 करोड़ लाभार्थियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इसके दायरे में 10 या अधिक कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों के पात्र कर्मचारी आते हैं। सामान्य कर्मचारियों के लिए मासिक वेतन सीमा 21 हजार रुपये और दिव्यांग कर्मचारियों के लिए 25 हजार रुपये निर्धारित है।

नियमों के अनुसार, पूरा दावा मिलने के बाद बीमारी लाभ का भुगतान सात दिन और मातृत्व लाभ की पहली किस्त 14 दिन के भीतर करनी होगी। नियोक्ता की ओर से दस्तावेज जमा करने में देरी होने पर भी कर्मचारी का लाभ केवल इसी वजह से नहीं रोका जा सकेगा।

इस व्यवस्था से कर्मचारियों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर और कागजी कार्यवाही से राहत मिलने की उम्मीद है।

Popular Articles