समय पर ड्यूटी नहीं, सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं; पांच टीमों ने सुबह-सुबह वार्डों में मारा छापा
हल्द्वानी। शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के दावों के बीच नगर निगम के औचक निरीक्षण में कई सफाई कर्मचारी और सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से नदारद मिले। गुरुवार सुबह नगर आयुक्त आशिमा गोयल के नेतृत्व में पांच अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न वार्डों में दस्तक देकर सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। अनुपस्थिति सामने आने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने स्वयं वार्ड संख्या 3, 4 और 6 का निरीक्षण किया, जबकि निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों ने वार्ड 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 और 60 में व्यवस्थाएं परखीं। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारियों की गैरहाजिरी सामने आने पर अधिकारियों को जवाबदेही तय करने और नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
नगर आयुक्त ने साफ निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारी और सफाई नायक निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थलों पर पहुंचें और पूरी कार्यावधि तक जिम्मेदारी निभाएं। उपस्थिति दर्ज करने में भी किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था नगर निगम की कार्यप्रणाली और शहर की छवि का आईना है। इसमें लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।




