Top 5 This Week

Related Posts

दुकान जाने निकला व्यक्ति लापता, फोन बंद होने से परिवार परेशान

हल्द्वानी। रोज की तरह दुकान जाने के लिए घर से निकले व्यक्ति रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। सुबह पत्नी को घर में स्कूटी की चाबी दिखाई दी तो अनहोनी की आशंका सताने लगी। फोन मिलाया तो कोई जवाब नहीं मिला, कुछ देर बाद मोबाइल भी बंद हो गया। पति की तलाश में परेशान पत्नी ने आखिरकार पुलिस की शरण ली है।

लक्ष्मी विष्णु विहार, पीलीकोठी निवासी किरन शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके पति गोपाल शर्मा (42) पुत्र हरीश चंद्र शर्मा मंगलवार की सुबह मंगलपड़ाव स्थित होली ग्राउंड की दुकान के लिए घर से निकले थे। रोजाना की तरह उनके निकलने के बाद परिवार को किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं था।

सुबह घर में स्कूटी की चाबी रखी देखकर किरन को शक हुआ। उन्होंने पति को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कई बार प्रयास करने के बावजूद संपर्क नहीं हो सका और कुछ समय बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद से परिजन अपने स्तर से उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।

पत्नी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ दुकान क्षेत्र के लोगों और परिजनों से जानकारी जुटा रही है। मोबाइल की लोकेशन तलाशने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

Popular Articles