देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी ने मौजूदा विधायकों के कामकाज और उनकी लोकप्रियता का गोपनीय सर्वे शुरू कराया है। इस सर्वे के आधार पर आगामी चुनाव में कई मौजूदा विधायकों के टिकट कट सकते हैं और नए चेहरों को मौका मिल सकता है।
पार्टी संगठन और सरकार के स्तर पर अलग-अलग एजेंसियों तथा गोपनीय टीमों के माध्यम से विधानसभा क्षेत्रों में फीडबैक जुटाया जा रहा है। सर्वे में मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। इनमें विधायक की क्षेत्र में उपलब्धता, उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की स्थिति और स्थानीय जनता व पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी छवि शामिल है।
सात विधायकों की रिपोर्ट में रेड फ्लैग
आंतरिक सर्वे के शुरुआती रुझानों ने कई मौजूदा विधायकों की चिंता बढ़ा दी है। सूत्रों के अनुसार, करीब सात विधायकों की रिपोर्ट में रेड फ्लैग सामने आया है। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि टिकट वितरण में केवल राजनीतिक सिफारिश को आधार नहीं बनाया जाएगा। इसके बजाय जमीनी रिपोर्ट और चुनाव जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिन विधानसभा क्षेत्रों में मौजूदा विधायकों के खिलाफ जनता में नाराजगी अधिक पाई जाएगी, वहां पार्टी नेतृत्व टिकट बदलने का निर्णय ले सकता है। भाजपा इस बार सत्ता विरोधी लहर को कमजोर करने और हर सीट पर मजबूत प्रत्याशी उतारने की रणनीति पर काम कर रही है।
नाराजगी दूर करने के लिए बाहरी कार्यकर्ताओं की तैनाती
पार्टी ने उन विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देना शुरू कर दिया है, जहां स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता में नाराजगी देखने को मिल रही है। ऐसे क्षेत्रों में दूसरे राज्यों के अनुभवी कार्यकर्ताओं और विस्तारकों की टीमें तैनात की गई हैं।
ये टीमें स्थानीय गुटबाजी से दूर रहकर सीधे जनता और नाराज कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रही हैं। इसके माध्यम से पार्टी जमीनी स्थिति का आकलन करने के साथ संगठन के भीतर असंतोष दूर करने का प्रयास कर रही है।
भाजपा की इस रणनीति से साफ है कि आगामी विधानसभा चुनाव में मौजूदा विधायकों के लिए टिकट की राह आसान नहीं होगी। सर्वे रिपोर्ट और जनता के फीडबैक के आधार पर ही पार्टी प्रत्याशियों के चयन को अंतिम रूप देने की तैयारी में है।





