Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में समूह-ग के 2200 से अधिक पदों पर होगी भर्ती, UKSSSC ने जारी किया कैलेंडर

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग के 2200 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का कार्यक्रम जारी किया है। नवंबर माह में पुलिस कांस्टेबल, दरोगा, वन आरक्षी समेत विभिन्न विभागों में नियुक्तियों के लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे।

आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल के अनुसार, वर्दीधारी पदों पर लगभग 1694 रिक्तियों के लिए भर्ती विज्ञापन 17 नवंबर को जारी कर दिया गया है। इनमें पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी आरक्षी, अग्निशामक, वन आरक्षी, स्पेशल टाइगर गार्ड, आबकारी सिपाही, परिवहन आरक्षी, बंदीरक्षक और सचिवालय रक्षक के पद शामिल हैं।

वहीं, पुलिस उपनिरीक्षक, प्लाटून कमांडर पीएसी एवं आईआरबी, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, अभिसूचना उपनिरीक्षक, उप आबकारी निरीक्षक और वन दरोगा के करीब 250 पदों के लिए 25 नवंबर को विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसके अलावा मानचित्रकार और प्रारूपकार के लगभग 200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन 30 नवंबर को जारी होगा।

आयोग 30 नवंबर को स्नातक स्तरीय अर्हता वाले पदों के लिए भी भर्ती विज्ञापन जारी करेगा। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया के अनुसार, नवंबर में कुल मिलाकर लगभग 2200 समूह-ग पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। वर्दीधारी पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा जनवरी 2027 के प्रथम सप्ताह में शुरू कराने की योजना है।

23 नवंबर से स्केलर भर्ती की शारीरिक परीक्षा

उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों के लिए शारीरिक मापजोख एवं दक्षता परीक्षा 23 नवंबर से शुरू होगी। परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर दौड़ सहित गोला फेंक, ऊंची कूद और लंबी कूद में भाग लेना होगा। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी पूरी रखें और भर्ती से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

Popular Articles