देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया में हिस्सा लिया। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां दर्ज कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी राष्ट्रीय जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े प्रदेश के भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय आवश्यकताओं की सही जानकारी जरूरी है।
डिजिटल तकनीक से आसान होगी प्रक्रिया
सीएम धामी ने कहा कि जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इससे सूचनाओं के संकलन में आसानी होगी और लोगों की सीधी भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी परिवार निर्धारित समयावधि में सही और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को भी पूरा सहयोग देने की अपील की।
30 नवंबर तक कर सकेंगे स्व-गणना
उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनगणना के दूसरे चरण के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना पूरी होने के बाद एक विशिष्ट पहचान संख्या (SE ID) जारी की जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। ऑनलाइन स्व-गणना करने वाले परिवारों को अपनी SE ID प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश के प्रत्येक परिवार की भागीदारी से जनगणना के आंकड़े अधिक विश्वसनीय बनेंगे और आने वाले वर्षों में उत्तराखंड के समग्र विकास की योजनाओं को बेहतर दिशा मिलेगी।





