इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों की एक जांच चौकी पर आत्मघाती कार बम हमले में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। घायलों में फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) के जवान भी शामिल हैं। प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यह हमला गुरुवार शाम मस्तुंग जिले के कांडा वा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-25 (N-25) पर हुआ। एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि विस्फोटकों से भरी कार फ्रंटियर कॉर्प्स की जांच चौकी से टकरा गई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के मकानों और एक मस्जिद को भी नुकसान पहुंचा।
मृतकों में तीन हमलावर और दो नागरिक
सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक, इस हमले में मारे गए पांच लोगों में तीन आतंकवादी शामिल थे, जिनमें आत्मघाती हमलावर भी शामिल है। इसके अलावा दो आम नागरिकों की भी मौत हुई है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
BLA ने हमलावर की पहचान बताई
प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए आत्मघाती हमलावर की पहचान ओसामा शाहवानी के रूप में की है। संगठन के मुताबिक, वह वर्ष 2022 में BLA में शामिल हुआ था। हालांकि, एक पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारी ने दावा किया कि शाहवानी का नाम वर्ष 2024 में लापता व्यक्तियों से जुड़े एक मामले में भी सामने आया था।
अधिकारी ने आरोप लगाया कि प्रतिबंधित संगठन बलूच युवाओं की भर्ती कर सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में जांच और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। घायलों में फ्रंटियर कॉर्प्स के जवान भी शामिल बताए गए हैं। वहीं, पाकिस्तान के समाचार पत्र डॉन ने पुलिस के हवाले से घायलों की संख्या कम से कम 16 बताई है, जबकि पीटीआई की रिपोर्ट में 13 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है।
बलूचिस्तान में लगातार बढ़ रही आतंकी घटनाओं के बीच इस हमले ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




