देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े विवाद में जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। विशेष जांच दल (SIT) अब साहू से जुड़ी कंपनियों के वित्तीय लेनदेन, आयकर रिटर्न और कथित शेल कंपनियों के नेटवर्क की पड़ताल कर रहा है। पुलिस जल्द ही गिरधारी लाल साहू को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है।
कंपनियों के आयकर रिटर्न खंगाल रही SIT
जांच के दौरान पुलिस ने गिरधारी लाल साहू से जुड़ी कंपनियों के आयकर रिटर्न से संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। इनके आधार पर कंपनियों की आय, खर्च, कारोबार और वित्तीय लेनदेन की जांच की जाएगी। SIT यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कंपनियों की घोषित आय और वास्तविक आर्थिक गतिविधियों में कोई अंतर तो नहीं है।
इसके अलावा संबंधित कंपनियों के बैंक खातों और आपसी वित्तीय संबंधों की भी पड़ताल की जा सकती है।
शेल कंपनियों के एंगल से जांच
SIT अब इस मामले में शेल कंपनियों की भूमिका भी खंगाल रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं कंपनियों का इस्तेमाल केवल कागजों पर लेनदेन दिखाने या धन के हस्तांतरण के लिए तो नहीं किया गया। कंपनियों के गठन, उनके वास्तविक कारोबार और आपसी आर्थिक संबंधों की जांच की जा रही है।
सहयोगियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस गिरधारी लाल साहू से जुड़े सहयोगियों और कारोबारी संपर्कों की जानकारी भी जुटा रही है। कंपनियों के संचालन, दस्तावेजों के प्रबंधन और वित्तीय लेनदेन में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
रिमांड पर पूछताछ से खुल सकते हैं राज
पुलिस गिरधारी लाल साहू को रिमांड पर लेकर कंपनियों के गठन, आयकर रिटर्न, वित्तीय लेनदेन और सहयोगियों के बारे में पूछताछ कर सकती है। दस्तावेजों से मिले तथ्यों का मिलान पूछताछ में सामने आने वाली जानकारियों से किया जाएगा।
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में गिरधारी लाल साहू को 11 नवंबर को झांसी से गिरफ्तार किया गया था। उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को भी बरेली से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि फर्जी हस्ताक्षरों और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए रेखा आर्या को चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाया गया था। मामले में SIT की जांच जारी है।





