पश्चिम बर्दमान। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान भाजपा नेता श्याम कुमार दास उर्फ सायन की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार रात फरीदपुर (लावदोहा) थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों विजय नंदी और प्रसून पांडे को गिरफ्तार किया है। अदालत ने दोनों को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। वहीं, तीसरे आरोपी अजय की तलाश जारी है।
जमीन विवाद में हत्या का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक सायन का विजय नंदी, उसके भाई अजय और उनके साथी प्रसून के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय आरोपियों ने सायन के एक दोस्त पर हमला किया। उसे हाथ में चोट आई।
इसी दौरान सायन मौके पर पहुंचे तो कुछ युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड से उन पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
भाजपा के ओबीसी मोर्चा में थे पदाधिकारी
श्याम कुमार दास पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के तीन नंबर मंडल के ओबीसी मोर्चा के महासचिव थे। उनके पिता परिमल दास ने फरीदपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पिता का आरोप है कि हत्या में शामिल लोग तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री ने की 10 लाख रुपये की सहायता की घोषणा
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही मृतक की पत्नी को राज्य सरकार में संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन भी दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।




