जकार्ता। इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति गिब्रान राकाबुमिंग राका ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 39 वर्षीय गिब्रान पूर्व राष्ट्रपति जोको विडोडो के बेटे हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में देश की संवैधानिक और सर्वोच्च अदालत के फैसलों के बाद उन पर इस्तीफे का दबाव बढ़ गया था।
गिब्रान ने गुरुवार को जकार्ता स्थित संसद भवन में पीपुल्स कंसल्टेटिव असेंबली (एमपीआर) के नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंपा। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को भी इस्तीफे की पेशकश की थी। बताया गया कि वह इस विवाद को लंबा खिंचने से रोकना चाहते थे।
विदेश में पढ़ाई के दस्तावेजों पर विवाद
गिब्रान की शैक्षणिक योग्यता को लेकर सवाल तब गंभीर हुए, जब देश की संवैधानिक अदालत और सर्वोच्च अदालत ने पिछले महीने उनके विदेश में शिक्षा से जुड़े दस्तावेजों को चुनावी पात्रता की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं माना। इंडोनेशिया के चुनाव कानून के अनुसार राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए कम से कम उच्च माध्यमिक शिक्षा या उसके समकक्ष योग्यता होना जरूरी है।
अदालतों के फैसलों के बाद उनकी उम्मीदवारी और पद पर बने रहने को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया। बुधवार को आठ राजनीतिक दलों के 120 सांसदों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए याचिका भी पेश की थी। इससे उनके खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू होने की आशंका बढ़ गई थी।
60 दिनों में चुना जाएगा नया उपराष्ट्रपति
इंडोनेशिया के संविधान के मुताबिक, उपराष्ट्रपति का पद खाली होने पर तत्काल नए चुनाव कराने का प्रावधान नहीं है। राष्ट्रपति दो उम्मीदवारों के नाम प्रस्तावित करेंगे और पीपुल्स कंसल्टेटिव असेंबली 60 दिनों के भीतर उनमें से किसी एक को नया उपराष्ट्रपति चुनेगी।
गिब्रान का इस्तीफा इंडोनेशिया की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। उनके पिता जोको विडोडो ने भी कहा है कि राजनीतिक पद अस्थायी होते हैं और वह राष्ट्रपति प्रबोवो की सरकार का समर्थन जारी रखेंगे।





