Top 5 This Week

Related Posts

पाकिस्तान में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, छह आतंकी ढेर; दो सैनिकों की मौत

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में छह आतंकवादी मारे गए, जबकि पाकिस्तानी सेना के दो जवानों की मौत हो गई। यह मुठभेड़ डेरा इस्माइल खान जिले के जरकानी इलाके में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान हुई। पाकिस्तानी सेना ने रविवार को इसकी जानकारी दी। 

खुफिया सूचना के आधार पर चलाया अभियान

पाकिस्तानी सेना के अनुसार, 24 अक्टूबर को सुरक्षाबलों को जरकानी इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद वहां तलाशी और कार्रवाई के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें छह आतंकवादी मारे गए।

सेना ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। सेना का आरोप है कि ये आतंकवादी सुरक्षाबलों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और आम नागरिकों पर हमलों में शामिल थे।

दो सैनिकों की भी गई जान

मुठभेड़ के दौरान पाकिस्तानी सेना के नायक गुलाम मुर्तजा (36) और सिपाही तसीर अहमद (30) की मौत हो गई। सेना ने दोनों जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।

इलाके में तलाशी अभियान जारी

पाकिस्तानी सेना के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास के इलाकों में अन्य संदिग्ध आतंकवादियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सेना ने कहा कि देश में आतंकवाद के खात्मे के लिए सुरक्षा अभियान जारी रहेंगे।

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों से प्रभावित रहा है। यहां पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) सहित विभिन्न आतंकवादी समूहों की गतिविधियों के कारण सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच अक्सर मुठभेड़ होती रहती हैं।

Popular Articles