मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। शुक्रवार को मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय में धमकी भरा ई-मेल पहुंचने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। ई-मेल में शहर के स्कूलों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।
मेयर और डिप्टी मेयर को भेजा गया ई-मेल
अधिकारियों के मुताबिक, धमकी भरा ई-मेल मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की मेयर ऋतु तावड़े को भेजा गया था। इसकी एक प्रति डिप्टी मेयर संजय घाडी को भी मिली। ई-मेल में बम धमाकों की चेतावनी देते हुए कई स्थानों का जिक्र किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच जलसा को निशाना बनाने की धमकी
पुलिस के अनुसार, ई-मेल में 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की चेतावनी दी गई है। वहीं, अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ को 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच निशाना बनाने की धमकी दी गई है। संदेश में खालिस्तान का भी उल्लेख किया गया है।
27 नवंबर को दिलजीत के कॉन्सर्ट पर हमले की चेतावनी
धमकी भरे ई-मेल में गायक दिलजीत दोसांझ के आगामी कॉन्सर्ट का भी जिक्र है। उनका कार्यक्रम 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स इलाके में प्रस्तावित है। ई-मेल में कार्यक्रम के दौरान हमले की चेतावनी दी गई है। इसके बाद आयोजन स्थल समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
मेयर कार्यालय की तलाशी, नहीं मिली संदिग्ध वस्तु
धमकी मिलने के बाद बीएमसी मुख्यालय स्थित मेयर कार्यालय की गहन तलाशी ली गई। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब ई-मेल की सत्यता, उसके स्रोत और भेजने वाले की पहचान का पता लगाने में जुटी हैं।
एहतियात के तौर पर मेयर कार्यालय, महालक्ष्मी रेसकोर्स और प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा एवं निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल धमकी की विश्वसनीयता की जांच जारी है।





