नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों से त्योहारों के दौरान प्रदर्शन से दूर रहने और परिवार के साथ समय बिताने की अपील की है। उन्होंने घोषणा की कि पार्टी दिवाली तक कोई प्रदर्शन आयोजित नहीं करेगी। हाल के दिनों में दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों और पार्टी के दो प्रमुख नेताओं की गिरफ्तारी के बीच दीपके का यह संदेश सामने आया है।
दीपके ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर करीब 16 मिनट का वीडियो संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने समर्थकों से कुछ दिनों के लिए आंदोलन से विराम लेने और अपने प्रियजनों के साथ रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बीते दिनों की घटनाओं के कारण कार्यकर्ताओं के परिवार चिंतित होंगे, इसलिए उनके साथ समय बिताना जरूरी है।
आशुतोष और सौरव को बताया आंदोलन का असली चेहरा
वीडियो संदेश में दीपके ने जेल में बंद सीजेपी के नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास का भी जिक्र किया। उन्होंने दोनों को आंदोलन का प्रमुख आधार बताते हुए उनके साहस और योगदान की सराहना की। साथ ही समर्थकों से उनके लिए प्रार्थना करने की अपील की।
दीपके ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य नफरत के खिलाफ लड़ना है, इसलिए कार्यकर्ताओं को खुद भी नफरत और उकसावे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने प्रेम, करुणा और अहिंसा को आंदोलन की प्रमुख ताकत बताया।
दिल्ली में प्रदर्शनों के बाद लिया फैसला
सीजेपी और उसके समर्थकों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर प्रदर्शन किए थे। इन प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। पार्टी से जुड़े आशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी के बाद आंदोलन को लेकर चर्चा तेज हो गई।
दीपके ने समर्थकों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि मुश्किल परिस्थितियों में भी उन्हें शांतिपूर्ण रास्ते पर कायम रहना चाहिए। दिवाली तक प्रदर्शनों पर रोक का फैसला आंदोलन के लिए अस्थायी विराम माना जा रहा है।





