नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। मंगलवार को युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वडोदरा के सांसद हेमांग जोशी ने नए पदाधिकारियों के नामों का ऐलान किया। नई टीम में सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है।
सात नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
नई टीम में जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार, पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा, उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नगालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राज राजेंद्र सिंह और छत्तीसगढ़ के भूपेंद्र नाग को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
तीन राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त
ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बदेजेना, उत्तर प्रदेश के हर्षवर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मित्त वामशी कृष्णा को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा असम के बिस्वजीत खौंड, मध्य प्रदेश के आशीष झाला, महाराष्ट्र की सायली रघुनाथ कुलकर्णी, राजस्थान के हिमांशु शर्मा, पंजाब के सरदार अरमानजोत बराड़, झारखंड के अमन यादव और बिहार के राहुल झा को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है।
उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत को सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
मैथिली ठाकुर समेत 34 सदस्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल
बिहार की विधायक और प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर को युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है। उनके साथ विभिन्न राज्यों के 33 अन्य नेताओं को भी कार्यकारिणी में जगह मिली है। इससे संगठन में विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।
मीडिया और सोशल मीडिया की जिम्मेदारियां भी तय
बिहार के हिमांशु यादव को राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बनाया गया है। दिल्ली की शिवानी सिंह और विशु बसोया तथा हिमाचल प्रदेश के अतुल ठाकुर को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली की अपूर्वा सिंह को इंटरनेट मीडिया प्रभारी और बिहार के मानवेंद्र चौहान को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा युवा मोर्चा की नई टीम में विभिन्न राज्यों के नेताओं को शामिल कर संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क और युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया है।





